भाजपा ने केजरीवाल के घर का नया वीडियो जारी किया: सामान की रेट लिस्ट भी बताई; शाह बोले- AAP यानी अवैध आमदनी पार्टी
भाजपा ने रविवार शाम को दिल्ली के CM हाउस का नया वीडियो जारी किया। इस बंगले में पूर्व CM केजरीवाल रहते थे। भाजपा ने X पर वीडियो शेयर करके लिखा- आइए आपको सैर कराएं महाठग अरविंद केजरीवाल की अय्याशी के शीशमहल की।
यूट्यूब पर इस वीडियो को शेयर करने के साथ भाजपा ने घर में मौजूद चीजों का रेट भी बताया। भाजपा के मुताबिक, केजरीवाल के घर में 4 करोड़ से 5.6 करोड़ के बॉडी सेंसर और रिमोट वाले 80 पर्दे लगे हैं, 64 लाख रुपए के 16 टीवी, 10-12 लाख रुपए की टॉयलेट सीट, 36 लाख रुपए के सजावटी खंभे हैं।
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने AAP को अवैध आमदनी पार्टी बताया। उन्होंने नरेला में रैली के दौरान कहा- AAP ने झूठ बोलकर वोट बटोरे और आगे बढ़ने का काम किया है। AAP का मतलब है- अवैध आमदनी वाली पार्टी। दिल्ली के पैसों से ये पंजाब, गुजरात, गोवा का चुनाव लड़ते हैं।
शाह ने कहा कि AAP नेताओं ने कहा था कि हम राजनीतिक लोग नहीं हैं, हम पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन इन लोगों ने पार्टी बनाई। इन्होंने कहा था हम कांग्रेस का समर्थन नहीं लेंगे, कांग्रेस का समर्थन लिया। इन्होंने कहा था कि हम सिक्योरिटी, गाड़ी और बंगला नहीं लेंगे, लेकिन इन्होंने सिक्योरिटी ली, गाड़ी ली और करोड़ों का शीश महल बनवाया।
Dastak Indore