12 किमी चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे 200 स्टूडेंट्स: एकलव्य स्कूल के प्राचार्य के खिलाफ तीसरी बार प्रदर्शन, कलेक्टर ने पद से हटाया
खरगोन जिले के मेनगांव एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल से 200 स्टूडेंट्स कलेक्ट्रेट पहुंचे। ये छात्र प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए करीब 12 किलोमीटर चलकर कलेक्टर से मिलने पहुंचे। ये तीसरी बार है जब छात्र प्राचार्य की शिकायत करने कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं।
छात्र सुबह 8 बजे मेनगांव से निकले। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण रास्ते में किसी ने उन पर ध्यान नहीं दिया। आदिवासी जनजाति कार्य विभाग के अधिकारी को जानकारी मिलने के बाद वे छात्रों से मिलने निकले, लेकिन इससे पहले ही छात्र जिला मुख्यालय पहुंच चुके थे। दो घंटे तक लगातार पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्रों से पुलिसकर्मियों ने बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने उनसे कुछ नहीं कहा।
छात्रों की मुलाकात अपर कलेक्टर रेखा राठौर से हुई। स्टूडेंट्स ने बताया कि उन्हें अभी तक किताबें नहीं मिली हैं। स्कूल के प्राचार्य प्रवीणा दहिया छात्रों और अभिभावकों के साथ दुर्व्यवहार करती हैं। बच्चों के साथ अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाती है।
Dastak Indore