मौसम का हाल:फिर 10 डिग्री से नीचे आया रात का पारा, आज छा सकती है धुंध

मौसम का हाल:फिर 10 डिग्री से नीचे आया रात का पारा, आज छा सकती है धुंध

शहर में मौसम के तेवर फिर बदल गए। ठंड में फिर इजाफा हो गया। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री की गिरावट हुई। पारा फिर 10 डिग्री से नीचे आ गया। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि रात का तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा रहा। रात में ठंडी हवा चलने से पारा भी तेजी से नीचे गिरा।

सुबह कुछ देर घनी धुंध और कुहासा छाया रहा। शनिवार को दिन का तापमान 24.7 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार के मुकाबले इसमें 2.1 डिग्री का इजाफा हुआ। यह सामान्य रहा। शुक्रवार को मौसम के यू-टर्न लेने से दिन के तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट हुई थी। पांडे ने बताया कि उत्तर से आ रही सर्द हवा के कारण रात के तापमान में गिरावट हुई है। शहर में पिछले 15 दिन में तीसरी बार मौसम बदला है। इससे पहले शहर में दिन में अच्छी तपिश हो रही थी, जिससे दिन में ठंड गायब सी हो गई थी।

आज 1000 से 3000 मीटर रह सकती है विजिबिलिटी... गणतंत्र दिवस पर रविवार को सुबह के वक्त शहर में घना कुहासा या घनी धुंध छा सकती है। इस दौरान विजिबिलिटी 1000 से 3000 मीटर के आसपास रह सकती है।